आरक्षण में सुधार और यूजीसी रेगुलेशन वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन आज
2500-3000 लोगों के जुटने का दावा, पत्थर गिरजाघर से पदयात्रा
प्रयागराज। आरक्षण व्यवस्था में सुधार और यूजीसी रेगुलेशन वापस लेने की मांग को लेकर 30 अगस्त को एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। आरक्षण सुधार आंदोलन समिति द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में सुबह 9 बजे सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर धरना-प्रदर्शन होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे पत्थर गिरजाघर से चंद्रशेखर आजाद पार्क तक पदयात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी गरुण सेना प्रमुख आशीष तिवारी ने प्रेसवार्ता में दी।
श्री तिवारी ने कहा कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य आरक्षण का लाभ जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संगठन आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने और मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहा है। यूजीसी के मौजूदा रेगुलेशन को वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नए प्रावधानों से शिक्षा व्यवस्था में छात्रों के बीच विभाजन पैदा हो सकता है। तिवारी ने दावा किया कि इस आंदोलन में लगभग 2,500 से 3,000 लोग शामिल हो सकते हैं। इनमें छात्र, नौजवान, युवा वर्ग और समाज के अन्य सदस्य शामिल होंगे, विशेषकर वे लोग जिन्हें अब तक आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाया है।
आंदोलन के दौरान राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग की जाएगी। संगठन जन जागरूकता के लिए विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठियां और छोटे कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है, ताकि लोगों को आरक्षण के उद्देश्य और लाभ के बारे में जानकारी दी जा सके।
आशीष तिवारी ने आरक्षण के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ संपन्न और सुविधासंपन्न वर्ग के बजाय उन लोगों को मिलना चाहिए, जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है।

