युवक ने किया पत्नी और बच्चों की गला रेत कर हत्या का प्रयास

युवक ने किया पत्नी और बच्चों की गला रेत कर हत्या का प्रयास
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर सबको बचाया
प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र के बन पुरवा गांव में पारिवारिक विवाद के बीच एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, भाई की पत्नी और बच्चों पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। घटना की सूचना पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कमरे का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की तत्परता से पांच लोगों की जान बचने की बात सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हंडिया थाना क्षेत्र के बन पुरवा गांव निवासी सुशील कुमार और उसके भाई की मौत के मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था। इस प्रकरण में हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद पर भी आरोप लगाए गए थे। इसी पृष्ठभूमि में सुशील कुमार के भाई दारा उर्फ सुनील कुमार द्वारा कथित रूप से परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई।
आरोप है कि दारा ने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद सुशील कुमार की पत्नी ज्ञान देवी तथा बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। घटना के दौरान आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार पुलिस की निगरानी की जा रही थी। इसी ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी भाष्कर राय और मनीष यादव को घटना की जानकारी मिली। दोनों सिपाही तत्काल मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घायल लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस की तत्परता के चलते कमरे में मौजूद दोनों बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *