बकरी चराने निकली किशोरी की दूसरे दिन बंधी से मिली लाश 

बकरी चराने निकली किशोरी की दूसरे दिन बंधी से मिली लाश
*मच गया गांव में कोहराम, जाने पूरा मामला
मीरजापुर। जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बकरी चराने गए एक 17 वर्षीया किशोरी की बंधी में दूसरे दिन लाश मिलने से गांव में हड़कंप मच गया है। प्रथम दृष्टया किशोरी के डूबने से मौत होने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक लालगंज थाना क्षेत्र के गुलालपुर गांव में बाणसागर नहर के पास बंधी में डूबने की घटना में 17 वर्षीया किशोरी का शव दूसरे दिन बुधवार को बरामद कर लिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद घटना स्थल पर पुलिस टीम पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की मौत पर गांव घर में कोहराम मच गया। लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गुलालपुर गांव की 17 वर्षीय किशोरी आरती पुत्री प्रेम नारायण की बाणसागर नहर के पास में स्थित बंधी में पैर फिसलने से डूब गई थी। वह बकरी चराने के लिए घर से गई थी, मंगलवार देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह सीवान की ओर गए ग्रामीणों ने पानी में किशोरी का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। लालगंज प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय और लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार किशोरी की मौत पानी में डूबने से हुई है। क्षेत्र में बाणसागर नहर के किनारे ऐसे हादसों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्रामीण लंबे अर्से से मांग करते आ रहे हैं। बाणसागर नहर परियोजना के अंतर्गत कई क्षेत्रों में पानी के तेज बहाव और सुरक्षा फेंसिंग न होने के कारण पहले भी ऐसे दु:खद हादसे सामने आ चुके हैं, जिसके संदर्भ में ग्रामीण अक्सर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं, बावजूद इसके इस ओर अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है परिणामस्वरूप अक्सर हादसे होते आएं हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *