पिता की हत्या के प्रयास का वांछित आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बांका बरामद
लखनऊ, (आरएनएस)। सरोजनीनगर पुलिस ने पिता की हत्या के प्रयास के मामले में करीब छह महीने से वांछित चल रहे आरोपी नीरज रावत को गिरफ्तार किया है। न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बांका भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को धर्मेन्द्र कुमार निवासी मवई चौराहा पिपरसंड, थाना सरोजनीनगर ने तहरीरी सूचना देकर बताया था कि उसके ससुर संतलाल का अपने बेटे नीरज रावत से पैसों को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान नीरज रावत ने जान से मारने की नीयत से अपने पिता संतलाल की गर्दन और कंधे पर बांके से हमला कर दिया था।मामले में सरोजनीनगर थाने पर मुकदमा संख्या 90/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत नीरज रावत के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद न्यायालय द्वारा आरोपी के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। वारंट के अनुपालन में सरोजनीनगर पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस के सूचना तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर नीरज रावत पुत्र संतलाल रावत, निवासी ग्राम बेहसा, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ, उम्र करीब 35 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बांका बरामद हुआ।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2021 में थाना सरोजनीनगर में मुकदमा संख्या 310/2021, धारा 302 भारतीय दंड संहिता के तहत भी मामला दर्ज है।कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई। गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति द्वारा गठित पुलिस टीम ने की।

