प्रयागराज के जंगलों में पहुंचा हाथियों का जोड़ा

प्रयागराज के जंगलों में पहुंचा हाथियों का जोड़ा
ड्रमंडगंज, मीरजापुर। ड्रमंडगंज वनरेंज के जंगलों में एक सप्ताह तक डेरा जमाए बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से भटककर आए हाथियों का जोड़ा शुक्रवार की रात आठ बजे के करीब क्षेत्र के कटरा जंगल से सटे प्रयागराज जिले के बैठकवा व अतरेंजी जंगल में पहुंच गया। शनिवार शाम को हाथी और हथिनी का लोकेशन प्रयागराज जिले के कोरांव वनरेंज के संसारपुर और महुली पियरी जंगल में पाया गया। क्षेत्र में एक सप्ताह से डेरा जमाए जंगलों हाथियों के ड्रमंडगंज वनरेंज से करीब दस किलोमीटर दूर प्रयागराज जिले के जंगलों में जाने पर स्थानीय ग्रामीणों वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से भटककर ड्रमंडगंज वनरेंज के जंगलों तक पहुंचे हाथियों का जोड़ा ने पिछले दिनों महुगढ़ी गांव में मक्का व धान की फसल को रौंदते हुए नष्ट कर दिया था साथ ही मड़हे और चारदीवारी को गिरा दिया था। वहीं लहुरियादह गांव में मक्का की फसल नष्ट कर मचान व टटिया उजाड़ दिया था। जंगलों में घूम रहे हाथियों के गांव में आने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गया था। शनिवार को ड्रमंडगंज वनरेंज के जंगलों से काफी दूर चले जाने पर वनविभाग की टीम ने भी राहत की सांस ली। रेंजर रविशंकर शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात आठ बजे के करीब दोनों हाथियों का जोड़ा कटरा जंगल से निकलकर प्रयागराज जिले के बैठकवा जंगल में पहुंच गया। शनिवार को दोनों हाथियों की लोकेशन प्रयागराज के संसारपुर व महुली के जंगलों में पाई गई। फिलहाल दोनों हाथियों के मूवमेंट पर जीपीएस ट्रैकर से नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *