अनोखा विरोध: सपा ने बंद पड़े स्कूलों पर शिक्षक दिवस का किया आयोजन *बंद स्कूल खुलेगा, पीडीए परिवार पढ़ेगा

अनोखा विरोध: सपा ने बंद पड़े स्कूलों पर शिक्षक दिवस का किया आयोजन
*बंद स्कूल खुलेगा, पीडीए परिवार पढ़ेगा
मीरजापुर। समाजवादी पार्टी द्वारा कचहरी मार्ग स्थित जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट व जनपद के बंद पड़े सरकारी स्कूलों पर शिक्षक दिवस का आयोजन कर प्रख्यात शिक्षाविद देश के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। कार्यालय पर समाजवादी शिक्षक सभा के तत्वावधान में शिक्षक दिवस पर आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि पूरे प्रदेश में छब्बीस हजार से अधिक की संख्या में सरकारी विद्यालयों का बंद किया जाना इस सरकार की शिक्षा विरोधी मानसिकता को उजागर करता है, जिससे गरीब असहाय, वंचित व दलित तबके के बच्चों को शिक्षा न उपलब्ध हो पाए तथा अज्ञानता व अशिक्षा से ग्रस्त आम जनता मंहगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षण संस्थाओं की कमी व खाद बीज की किल्लत व विकास के मुद्दों पर इस तानाशाह सरकार से सवाल न कर सके। इस अवर पर जनपद के पांच अध्यापकों को समाजवादी शिक्षक रत्न उपाधि से विभूषित किया गया, जिन्हें माल्यार्पण करते हुए अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों पर आज 5 सितंबर को पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन जी की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई गई है, जिस क्रम में मिर्जापुर जनपद के सभी विधान सभाओं के बंद पड़े विभिन्न विद्यालयों पर उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया और वहां उपस्थित क्षेत्रीय जनों को आश्वस्त किया गया कि समाजवादी सरकार बनने पर इन बंद विद्यालयों को पुनः चालू कराने का कार्य किया जाएगा। जिला कार्यालय पर आयोजित गोष्ठी का संचालन समाजवादी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. रतन सिंह पटेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले के अहरौरा, राजगढ़, सीखड़, चुनार, भरेहटा, नारायनपुर, जमालपुर, पटेहरा, हलिया, जिगना, चकचेहरा, रामपुर, मठखना, केशवपुर, चिल्ह, तिलठी व नगर के गजिया टोला, बूढ़े नाथ, नटवां, सुंदरघाट इत्यादि स्थानों पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित पार्टीजनों में मुख्य रूप से पूर्व विधायक जगदम्बा सिंह पटेल, रामराज पटेल, आदर्श यादव इत्यादि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *