(लुधियाना)नशे का खौफनाक असर! लुधियाना में 3 महीने की गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, पति और दादा हिरासत में

(लुधियाना)नशे का खौफनाक असर! लुधियाना में 3 महीने की गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, पति और दादा हिरासत में
लुधियाना ,08 सितंबर ,(आरएनएस)। पंजाब में नशे के बढ़ते प्रभाव के बीच लुधियाना जिले के गांव बुर्ज लिट्टां से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां तीन महीने की गर्भवती 25 वर्षीय महिला हरप्रीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने उसके पति जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा पर नशे की हालत में मारपीट कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। इस घटना में हरप्रीत के गर्भ में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर पति जसप्रीत सिंह और उसके दादा जोगिंदर सिंह को हिरासत में लिया है। थाना सुधार के प्रभारी कुलविंदर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों के अनुसार, हरप्रीत कौर अपने घर में लगातार हो रहे झगड़ों से परेशान थी और कुछ समय पहले मायके चली गई थी। रविवार को जसप्रीत उसे समझाकर वापस बुर्ज लिट्टां ले आया था। परिजनों का कहना है कि उसने नशा छोड़ने का भरोसा भी दिया था।
आरोप है कि सोमवार रात जसप्रीत नशे की हालत में घर पहुंचा और हरप्रीत के साथ कथित तौर पर बुरी तरह मारपीट की। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसका गला घोंट दिया गया।
मृतका के परिजनों ने दावा किया है कि हरप्रीत के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उनका आरोप है कि घटना के बाद जसप्रीत ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
परिजनों ने सवाल उठाया कि यदि हरप्रीत ने आत्महत्या की थी तो उसका शव छत से नीचे किसने उतारा? इन सभी बिंदुओं की पुलिस जांच कर रही है।
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि हरप्रीत कौर तीन महीने की गर्भवती थी। यदि परिजनों के आरोप जांच में सही साबित होते हैं, तो कथित हिंसा में एक महिला के साथ उसके गर्भ में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई।
ग्रामीणों और परिजनों ने जसप्रीत पर नशे की लत और आवारागर्दी के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल हरप्रीत कौर की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। मृतका के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *