महिला का गला दबाने के आरोपियों पर केस
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कुरनी से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा महिला का गला दबाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। कुरनी गांव निवासी रेनू प्रजापति अपने मायके में रहती हैं। आरोप है कि उनके पटीदार श्याम सुंदर प्रजापति द्वारा बार-बार उनके साथ मारपीट और प्रताड़ित किया जाता है। आरोप यह भी है कि श्याम सुंदर उन्हें वहां से जाने के लिए दबाव बनाता है।बताया गया कि घटना के दौरान भी किसी बात को लेकर महिला के साथ मारपीट की गई। इसी बीच मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर थाने ले गई।पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए मामले में श्याम सुंदर प्रजापति, उसकी पत्नी कंचन तथा उसकी दो बेटियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

