केबल चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, दो बंडल केबल और ऑटो बरामद
लखनऊ(आरएनएस )। मोहनलालगंज पुलिस ने केबल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से काले रंग के दो बंडल केबल और चोरी में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश, अंकित वर्मा और गौरव श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आपस में मित्र हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए वे चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज राम बाबू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर 2026 को रायबरेली-लखनऊ मार्ग स्थित हरि रेस्टोरेंट के पास से करीब 50.60 मीटर केबल काटकर चोरी कर ली गई थी। मामले में सीतापुर निवासी सत्य प्रकाश ने थाना मोहनलालगंज में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके आधार पर मुकदमा संख्या 340/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। अभियुक्तों की गिरफ्तारी और चोरी की केबल की बरामदगी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने दो पुलिस टीमों का गठन किया था।गठित टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से अभियुक्तों की पहचान की। इसके बाद मुकेश पुत्र भीखा निवासी चमयानी सिंहपुर, थाना पुरवा, जनपद उन्नाव, उम्र करीब 36 वर्ष, अंकित वर्मा पुत्र स्वर्गीय माताप्रसाद निवासी स्नेहलनगर, थाना कृष्णानगर, लखनऊ, उम्र करीब 24 वर्ष तथा गौरव श्रीवास्तव पुत्र स्वर्गीय सोनू श्रीवास्तव निवासी चिल्लावा, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ, मूल निवासी मुंशीखेड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर, चन्दन नगर, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे सभी आपस में मित्र हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए मिलकर चोरी करते थे। उन्हें जहां भी कोई कीमती सामान दिखाई देता था, मौका पाकर चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान अंकित के ऑटो में रखकर ले जाते और उसे बेचने से मिले रुपये आपस में बांट लेते थे। अभियुक्तों ने बताया कि 8 और 9 सितंबर की मध्यरात्रि में उन्होंने हरि रेस्टोरेंट के पास रायबरेली-लखनऊ मार्ग से भूमिगत केबल चोरी की थी और चोरी की गई केबल को कुछ दूरी पर झाड़ियों में छिपा दिया था। वे केबल को बेचने के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश के विरुद्ध कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 340/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस तथा थाना कृष्णानगर में वर्ष 2021 के दो मुकदमे धारा 380/411/457 और 380/411 भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। कार्रवाई करने वाली टीम थाना मोहनलालगंज पुलिस की थी।
केबल चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, दो बंडल केबल और ऑटो बरामद
———–

