महानगर में घर से करोड़ों की चोरी के मामले में नामजद आरोपी महिला गिरफ्तार
लखनऊ, (आरएनएस )। महानगर थाना पुलिस ने घर से 50 लाख रुपये नकद और करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी किए जाने के मामले में नामजद आरोपी महिला को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदे गए करीब 55.420 ग्राम वजन के दो पीली धातु के कंगन और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी महिला के बैंक खाते में जमा करीब 60 लाख रुपये की धनराशि भी फ्रीज करा दी है।पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 को शालिनी मिश्रा पत्नी प्रवीण कुमार मिश्रा, निवासी टी-5902 मेट्रोसिटी पेपर मिल कॉलोनी, निशातगंज, थाना महानगर, लखनऊ ने तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से करीब 50 लाख रुपये नकद और लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हो गए हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 209/2025 धारा 306 भारतीय न्याय संहिता के तहत जितेंद्र पंडित निवासी मधुबनी, बिहार और उसकी पत्नी विभा देवी को नामजद किया था। घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।इसी क्रम में पुलिस टीम ने 13 सितंबर को विभा देवी उम्र करीब 40 वर्ष पत्नी जितेंद्र पंडित, निवासी वार्ड-02 सोहराय पंडौल, मधुबनी, बिहार को विजय टेंट हाउस, रुन्नी सैदपुर, थाना रुन्नी, जनपद सीतामढ़ी, बिहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए रुपयों से खरीदे गए दो पीली धातु के कंगन, जिनका कुल वजन करीब 55.420 ग्राम है, तथा 25 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के बैंक खाते में जमा करीब 60 लाख रुपये भी फ्रीज करा दिए हैं।पूछताछ में पुलिस के अनुसार विभा देवी ने बताया कि उसका पति जितेंद्र पंडित करीब 12 वर्षों से शालिनी मिश्रा के घर पर रहकर खाना बनाने का काम करता था। वह भी कभी-कभी लखनऊ स्थित शालिनी मिश्रा के घर आती थी। आरोप है कि दोनों मौका देखकर कई बार घर से नकदी और आभूषण चोरी करते थे। चोरी किए गए रुपये और आभूषण बेचकर प्राप्त धनराशि दोनों ने अपने बैंक खातों में जमा की। कुछ आभूषण खरीदने के साथ ही जमीन भी खरीदी गई, जबकि कुछ धनराशि घर के खर्च के लिए रखी गई थी। पुलिस आरोपी महिला को रिमांड के लिए न्यायालय में पेश कर रही है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आलोक कुमार, उपनिरीक्षक लाल बहादुर सिंह और महिला उपनिरीक्षक दीप्ति, थाना महानगर, कमिश्नरेट लखनऊ शामिल रहे।
महानगर में घर से करोड़ों की चोरी के मामले में नामजद आरोपी महिला गिरफ्तार
——

