कैसरबाग के कैफे में अवैध हुक्का परोसने का पुलिस का दावा, 42 लोग हिरासत में, हुक्के व फ्लेवर समेत नकदी बरामद
लखनऊ ( आरएनएस )। कैसरबाग पुलिस ने सिटी होटल के ऊपर स्थित कैफे टेल्स में छापेमारी कर अवैध रूप से हुक्का परोसे जाने का दावा करते हुए 42 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, मौके से 14 हुक्के, छह क्षतिग्रस्त हुक्के, छह भरी और 20 खाली चिलम, 10 पाइप, 11 फ्लेवर पैकेट, तीन मोबाइल फोन तथा 2,420 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि कैफे संचालन से जुड़े कुछ लोग मौके से फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, पांच अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिटी होटल के ऊपर स्थित कैफे टेल्स में ग्राहकों को कथित रूप से अवैध तरीके से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, कैफे के चौथे तल पर अलग-अलग मेजों पर कई लोग हुक्का पीते मिले। पुलिस टीम को देखकर अंदर का दरवाजा बंद कर दिया गया, जबकि संचालन से जुड़े कुछ लोग पिछले रास्ते से फरार हो गए।पुलिस ने मौके पर मौजूद 42 लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान 11 मेजों पर 14 हुक्के मिले। किचन रूम से छह क्षतिग्रस्त हुक्के, छह भरी चिलम, 20 खाली चिलम, 10 पाइप और 11 फ्लेवर पैकेट बरामद हुए। काउंटर से तीन मोबाइल फोन और 2,420 रुपये भी मिले।पूछताछ में शाहरूख अंसारी ने पुलिस को बताया कि कैफे में ग्राहकों को हुक्का परोसा जाता था और कैफे का संचालन सैय्यद जिया अली उर्फ दाऊद, बिलाल तथा सारिक द्वारा किया जाता था। पुलिस के अनुसार, हुक्का बार संचालन का वैध लाइसेंस मांगे जाने पर शाहरूख उसे प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में शाहरूख अंसारी, अल्तमश, कबीर अब्बास उर्फ अली, खिज्र रहमान, गजेन्द्र सिंह उर्फ अमन, उमैर हलीम खान, फरजान खान, दमनप्रीत सिंह, सिमरत सिंह, हर्षदीप सिंह, सनीकेत वर्मा, यश रस्तोगी, शुभम, अंश चित्रवंशी, अमन वर्मा, मो. उमर, सैय्यद माजिद, मो. साहिद, कृष पहुजानी, मो. मकसूद, करमवीर सिंह, अमीन अहमद, अब्दुल कादिर उर्फ समीउल्लाह, अमन वर्मा, रितिक कश्यप, इम्तियाज, गौरव रावत, शशांक त्रिपाठी, आरिश खान, नफीश अली, मो. आदिल तेली, जतिन बाल्मिकी, मो. अफजल, शैलेन्द्र कश्यप, ज्ञान, शहनवाज, बिलाल खान, मो. युसुफ, मो. हारून, मो. फरान, निजाम और शाह फहद शामिल हैं।
—————–

