शारदीय नवरात्रि, अष्टमी पर महागौरी की पूजा को उमडे़ श्रद्धालु, मंदिरों में लगी कतारें

शारदीय नवरात्रि, अष्टमी पर महागौरी की पूजा को उमडे़ श्रद्धालु, मंदिरों में लगी कतारें

– निराहार व्रत रख महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना, पंडालों में गूंजे जयकारे

मधुबन, मऊ। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन रविवार को अष्टमी के अवसर पर आदिशक्ति मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों और पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पडी। सुबह से ही हाथों में पूजन सामग्री, चुनरी, नारियल और अड़हुल का फूल लेकर भक्त माता के दरबार की ओर निकल पड़े। ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच गगनभेदी जयकारे गूंजते रहे। मान्यता है कि मां महागौरी की पूजा से पापों का नाश होता है और अखंड सुहाग व सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इनका स्वरूप अत्यंत गौर वर्ण, शांत और करुणामयी है। इस दिन बड़ी संख्या में महिलाओं ने निराहार व्रत रखकर परिवार की मंगलकामना की। कई अधिकतर जगहों पर कन्या पूजन भी किया गया। मधुबन व रामपुर थाना क्षेत्र में इस बार कुल 94 पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर प्राण-प्रतिष्ठा की गई है। नगर पंचायत मधुबन कस्बा के साथ ही दुबारी, विग्रहपुर, गजियापुर, तिघरा, नंदौर, परसूपुर, तिनहरी, चचाईपार, भानपुर, भठिया, टमठा, भैरोपुर, गंगऊपुर, मर्यादपुर, बेलौली, काठतरांव, फतेहपुर मंडाव, चंद्रापार, नेमडाड़ सहित दर्जनों गांवों के काली मंदिरों में सुबह से ही पूजन-अर्चन शुरू हो गया।

घर-घर हुआ कलश पूजन, गूंजे भजन-कीर्तन

नवरात्र में मंदिरों के साथ ही घर-घर कलश पूजन की धूम रही। महिलाओं ने घरों में अखंड ज्योति जलाकर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। कई घरों में भजन-कीर्तन व देवी गीत का आयोजन किया गया। अष्टमी पर हवन-पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मधुबन व दुबारी बाजार के बद्रीनाथ थीम वाले पंडाल आकर्षण के केंद्र बने हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *