(चेन्नई)चेन्नई में 13 लाख फॉलोअर्स वाले फाइनेंस इन्फ्लुएंसर ने की आत्महत्या, पिता ने साइबर बुलिंग का लगाया आरोप

(चेन्नई)चेन्नई में 13 लाख फॉलोअर्स वाले फाइनेंस इन्फ्लुएंसर ने की आत्महत्या, पिता ने साइबर बुलिंग का लगाया आरोप

चेन्नई ,21 अक्टूबर ,(आरएनएस)। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर ‘फाइनेंस विद हरीशÓ नाम से लोकप्रिय फाइनेंस इन्फ्लुएंसर वी. हरीश (27) ने सुसाइड कर लिया। वे चेन्नई के किराए के विला में फंदे से लटके मिले। उनके इंस्टाग्राम पर 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह अपने किराए के विला में फांसी पर लटके पाए गए। उनके पिता ने आरोप लगाया है कि वेंचर स्टूडियो ज़ेमुरिया इंक के सीईओ जेसन सैमुअल की ओर से कथित साइबर बुलिंग किए जाने के कारण हरीश मानसिक तनाव में थे। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।

परिवार के मुताबिक, जेसन सैमुअल की ओर से हरीश के काम और उनकी वित्तीय सलाह से जुड़े दावों पर सवाल उठाए जाने के बाद विवाद बढ़ गया था। इसके बाद मेटा ने हरीश का इंस्टाग्राम अकाउंट निष्क्रिय कर दिया था। वह बाद में एक नए अकाउंट से वीडियो अपलोड कर रहे थे। उनके पिता का दावा है कि इन घटनाओं के कारण हरीश तनाव में थे और इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

सीईओ ने साइबर बुलिंग के आरोपों को नकारा

जेसन सैमुअल ने मंगलवार शाम सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए हरीश की मौत पर दुख जताया। उन्होंने साइबर बुलिंग के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने केवल हरीश के दावों और उनकी पेशेवर योग्यताओं पर सवाल उठाए थे।

सैमुअल के मुताबिक, हरीश भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से पंजीकृत निवेश सलाहकार (आरआईए) नहीं थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि हरीश को एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) से अपना एआरएन पंजीकरण नंबर हाल ही में मिला था, जबकि उनके काम और पंजीकरण को लेकर सवाल उठाए गए थे।

सैमुअल ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह इस घटना से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका उद्देश्य हरीश के काम में कथित अनियमितताओं और लाइसेंस संबंधी मुद्दों को सामने लाना था, न कि उन्हें परेशान करना।

‘ऐसे कदम की उम्मीद नहीं थीÓ

सैमुअल ने कहा कि उन्होंने हरीश से उचित सेबी लाइसेंस हासिल करने के बाद अपना काम जारी रखने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि विवाद के बीच हरीश इतना कठोर कदम उठा लेंगे और उन्हें इस नुकसान का गहरा अफसोस है।

फिलहाल, पुलिस की ओर से इस मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। हरीश के पिता ने पूरे मामले की जांच कर आरोपों की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। अब जांच के जरिए ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *