बीच-बचाव करना पड़ा भारी, युवक को मारी गोली

बीच-बचाव करना पड़ा भारी, युवक को मारी गोली

 

बल्दीराय/सुलतानपुर। थाना क्षेत्र के मड़हा गांव में मंगलवार की रात दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

विवाद सुलझाने पहुंचे थे प्रभुनाथ, खुद बन गए निशाना

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक मंगलवार शाम करीब आठ बजे मड़हा गांव निवासी राममिलन वर्मा और अभिनव यादव के बीच गांव के बाहर पक्की सड़क पर कहासुनी हो रही थी। शोर सुनकर माधवपुरा आचार्य गांव निवासी प्रभुनाथ निषाद मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां राममिलन वर्मा, उनके भाई दिनेश वर्मा और पुत्र सुशील वर्मा की अभिनव यादव से कहासुनी के बाद मारपीट हो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान राममिलन वर्मा लाइसेंसी बंदूक की बट से अभिनव को पीट रहे थे। प्रभुनाथ निषाद ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो कथित तौर पर बंदूक लहराकर लोगों को वहां से हट जाने की चेतावनी दी गई। इसी बीच आरोप है कि सुशील वर्मा ने प्रभुनाथ निषाद को गोली मार दी। तहरीर में प्रभुनाथ की पत्नी प्रीति ने आरोप लगाया है कि पहली गोली चलने के बाद राममिलन वर्मा ने अपने पुत्र को दोबारा गोली चलाने के लिए उकसाया, जिसके बाद दूसरी गोली भी चलाई गई। फायरिंग की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई। घायल प्रभुनाथ को ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थानाप्रभारी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपित राममिलन वर्मा और उनके पुत्र सुशील वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है। तीसरे आरोपित की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *