(जालंधर)जालंधर में सड़क हादसे में बर्थडे पार्टी से लौट रहे 2 दोस्तों की मौत, स्पीड रिकॉर्ड और पप्पी स्वीट्स के मालिकों के बेटे थे मृतक

 

(जालंधर)जालंधर में सड़क हादसे में बर्थडे पार्टी से लौट रहे 2 दोस्तों की मौत, स्पीड रिकॉर्ड और पप्पी स्वीट्स के मालिकों के बेटे थे मृतक

जालंधर ,01 नवंबर ,(आरएनएस) जालंधर में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो परिवारों के चिराग बुझ गए। दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे दो युवकों की कार पुलिस लाइन के नजदीक फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान स्पीड रिकॉर्ड म्यूजिक कंपनी के मालिक दिनेश के बेटे विदित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 18 से 19 साल बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक फॉक्सवैगन कार में सवार होकर दोस्त की बर्थडे पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। कार जब बीएमसी चौक की तरफ से बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी, तभी फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के वक्त कार में कुल पांच युवक सवार थे।

हादसे की जानकारी रविवार तड़के करीब 3 बजे थाना बारादरी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कूड़ा एकत्र करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी की गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई।

थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी के अनुसार, कार में पांच युवक मौजूद थे। हादसे के बाद सामने आया कि उनके साथ मौजूद तीन अन्य युवक पहले ही अपने घर पहुंच चुके थे। वहीं, मृतकों के परिजनों ने पुलिस को किसी तरह की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शव परिवारों को सौंप दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *