मन को भय मुक्त एवं तनाव मुक्त रखें
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। पायनियर माण्टेसरी इंटर कॉलेज की एलडीको शाखा के श्री पूरन सिंह मेमोरियल प्रेक्षागृह में कक्षा 10 एवं 12 के बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों को तनाव रहित परीक्षा एवं परीक्षा में सफलता प्राप्त करने हेतु एक मोटिवेशनल कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक था ‘इंगनाइट योर सक्सेस’। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ मुकेश कुमार सिंह ,उप शिक्षा निदेशक समग्र शिक्षा तथा विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध मनोंवैज्ञानिक डॉ नेहा आनंद थी । कार्यशाला का आरंभ पारंपरिक दीप प्रज्जवलन तथा मां शारदा की मूर्ति एवं संस्थापक प्रबंधक स्व० श्री पूरन सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ ब्रजेंद्र सिंह, प्रधानाचार्या शर्मिला सिंह, समस्त शाखाओं की प्रधानाचार्या शिक्षकगण,बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले लगभग 700 छात्र छात्राएँ उपस्थित थे। सभी अतिथियों का सम्मान पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान करके किया गया।
इस अवसर पर
मुख्य अतिथि डॉ मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए जरूरी है कि पढ़ाई को टाले नहीं ।उचित समय प्रबंधन तथा नियमितता का ध्यान रखें, मन पर नियंत्रण रखें तथा परम शक्ति में विश्वास रखें क्योंकि इससे विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी तनाव से मुक्त होने में सहायता मिलती है।
विशिष्ट अतिथि डॉक्टर नेहा आनंद ने कहा कि सर्वप्रथम विद्यार्थियों को अपने दिमाग से निकाल देना चाहिए की बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक लाना जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है। इसलिए मन को भय मुक्त एवं तनाव मुक्त रखें ।
उस विषय एवं करियर का चयन करें जिसमें रुचि हो। उन्होंने यह भी कहा कि अपने आप से बात करें ।
प्रबंधक डॉ ब्रजेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रहने को कहा क्योंकि मंजिल चाहे जितनी ऊंची क्यों ना हो , रास्ता पैरों के नीचे से जाता
है ।अतः तन को चलायमान एवं मन को स्थिर रखें, प्रतिस्पर्धा स्वयं से करें औरो से नहीं, सतत् प्रयास एवं आत्मविश्वास बनाए रखें। तभी मनचाही सफलता पा सकते हैं।
इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने बच्चों के सभी प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी समस्याओं को दूर किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।

