देवरा को ट मारपीट प्रकरण में 10 आरोपी नामजद, दो आरोपी हिरासत में

सोहावल-अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्रान्तर्गत देवराकोट गाँव निवासी महेश पाण्डेय उर्फ़ जीवधारी व उनके छोटे भाई रमेश पाण्डेय को कल सोमवार की शाम लगभग आठ बजे इसी गाँव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अर्जुन कुमार सिंह ‘गुड्डू’ व उनके आधा दर्जन परिजनों ने घर में घुसकर लाठी डंडो व कुल्हाड़ी से हमला कर पीट-पीट कर मरणासन्न कर दिया। देवराकोट के ग्राम प्रधान मनोज कुमार सिंह ने बताया कि काँटा बाज़ार से गाँव आने वाले रास्ते पर स्थित शराब की दुकान पर गुड्डू सिंह के भट्ठे पर काम करने वाले कुछ लेबर बैठे हुये थे। उनसे महेश पांडेय ने गाँव की कुछ महिलाओं से छेड़खानी का आरोप लगाकर पूछताछ शुरू की जिस पर विवाद उत्पन्न हो गया। मजदूरों ने इस बात की शिकायत गाँव पहुँचकर गुड्डू सिंह से कर दी। घटना की जानकारी होते ही गुड्डू सिंह ने अपने भाइयों व अन्य परिजनों के साथ जीवधारी के घर पहुँचकर घर में घुसकर उनको व उनके भाइयों को लाठी,डंडों व कुल्हाड़ियों से जमकर पीटा। बचाव में आई घर की महिलाओं को भी काफी चोटें लगी हैं। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सत्तीचौरा डीएन रॉय व थानाध्यक्ष रौनाही शमशाद अली ने मौक़े पर पहुँचकर पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहावल पहुँचाया तथा घटना की विवेचना शुरू कर दी है। इस घटना पर आक्रोश प्रकट करते हुये भाजपा नेता कप्तान तिवारी, गिरिजेश त्रिपाठी,  मुन्ना मिश्रा, अनूप पाण्डेय ‘नकुल’ आदि ने पुलिस प्रशासन से दोषियों पर कठोर कार्यवाही करने की माँग की है। पीड़ित महेश पाण्डेय के परिजनों का कहना है कि यह घटना चुनावी रंजिश के चलते की गई है। बीते पंचायत चुनाव में महेश पाण्डेय विजयी ग्राम प्रधान मनोज सिंह के साथ थे जबकि घटना के मुख्य आरोपी गुड्डू सिंह के छोटे भाई शैलेन्द्र सिंह भी प्रधानी का चुनाव लड़ रहे थे औऱ वह हार गये थे। वो इसी बात की रंजिश पाण्डेय परिवार से रखते हैं।दूसरी ओर आरोपी गुड्डू सिंह के परिजनों का कहना है कि घटना की शुरुआत हमारे भट्ठा मजदूरों की पिटाई कर शुरू की।  गुड्डू सिंह औऱ उनके भाई तो गाँव के एक सभ्रांत व्यक्ति द्वारा सुलह, समझौता के लिये बुलाये जाने पर जीवधारी पाण्डेय के दरवाजे पर गये थे। वहाँ पहुँचते ही पुनः झगड़े की शुरुआत रमेश पाण्डेय ने लाठी निकालकर शुरू कर दी थी। इस प्रकरण में सीओ सदर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि इस घटना में मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह ‘गुड्डू’, विजय कुमार सिंह पुजारी, उमाशंकर सिंह, रमाशंकर सिंह, अनिल सिंह ‘अल्ली’, अमरेंद्र प्रताप ‘डेविड’, यश प्रताप सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह ‘सिम्पू’ व राजेंद्र प्रताप सिंह ‘बब्लू’ व एक अन्य अज्ञात के ख़िलाफ़ धारा 147,148,149,323,504,506,452 व 308 सेक्सन की धाराओं में रपट दर्ज कर मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह ‘गुड्डू’ व महेंद्र प्रताप को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा घटना स्थल पर पुलिस फ़ोर्स तैनात कर दी गयी है। इस बारे में थाना अध्यक्ष रौनाही आरके राणा ने बताया कि गुड्डू सिंह के भट्ठे में काम करने वाले बहराइच निवासी तीन मजदूरों का चालान शाँति भँग की धारा में एसडीएम कोर्ट में कर दिया गया है। ग्राम प्रधान देवराकोट मनोज सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार का इलाज़ जिला चिकित्सालय में चल रहा है औऱ अब वे खतरे से बाहर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *