ग्रेटर नोएडा में चार बच्चों ने सोशल मीडिया पर रील देखकर काली थार खरीदने के लिए की 20 लाख की चोरी:-

ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में घर की अलमारी से 20 लाख रुपये चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार बाल अपराधियों को हिरासत में लेकर उनके पास से पूरी रकम बरामद कर ली है।
पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी थी कि जमीन बिक्री से मिले 20 लाख रुपये घर की अलमारी में रखे थे, जो उनके बाहर रहने के दौरान चोरी हो गए। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चारों बाल अपराधियों को जावल ऋषि रोड के पास से पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों में से एक पीड़ित के घर आता-जाता था और उसे अलमारी में रखी नकदी की जानकारी थी। सभी ने मिलकर घर में घुसकर लॉक तोड़कर रकम चोरी की।
पुलिस के अनुसार, बच्चों ने सोशल मीडिया रील्स देखकर काले रंग की थार गाड़ी खरीदने के उद्देश्य से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *