कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट मामले में जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मिलन फार्मा का मालिक गिरफ्तार
जौनपुर,03 फरवरी। यूपी के जौनपुर में कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट से जुड़े मामले में जौनपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार देर शाम एक आरोपीत को गिरफ्तार किया है। जिले में दर्ज इस संगठित ड्रग सिंडिकेट मामले में अब तक लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं, जिससे पूरे नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।
गौरतलब है कि कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े इस मामले में जौनपुर जनपद में कुल दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें 22 आरोपी नामजद हैं। इस प्रकरण के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल को पहले ही सोनभद्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद जौनपुर पुलिस ने भोला जायसवाल को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ भी की थी।
वहीं इस केस में नामजद एक अन्य आरोपी अंकित श्रीवास्तव को वाराणसी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी क्रम में जौनपुर पुलिस ने अपनी पहली सीधी गिरफ्तारी करते हुए मिलन फार्मा के मालिक शशांक मौर्या को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।पुलिस ने शनिवार को 22 आरोपित लोगो के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।वही मंगलवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए एसआईटी प्रमुख एवं सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मिलन फार्मा के मालिक शशांक मौर्या को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से अहम जानकारियां मिल रही हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसआईटी प्रमुख ने यह भी कहा कि वाराणसी से गिरफ्तार आरोपी अंकित श्रीवास्तव को मामले में पूछताछ के लिए वारंट-बी के तहत न्यायालय से रिमांड की अपील की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा
सके।

