ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा: अखिल भारतीय प्राइवेट चिकित्सक फाउंडेशन के बैनर तले सेक्टर-71 स्थित सनशाइन रेजिडेंसी में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और फूलों की होली के साथ आयोजित इस समारोह में चिकित्सकों, समाजसेवियों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन कैलाश हॉस्पिटल के सहयोग से किया गया।
कैलाश हॉस्पिटल के मार्केटिंग मैनेजर पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि फाउंडेशन के तत्वावधान में पिछले पांच वर्षों से लगातार होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं तथा भविष्य में भी इस परंपरा को जारी रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कैलाश हॉस्पिटल हमेशा से अखिल भारतीय प्राइवेट चिकित्सक फाउंडेशन के साथ खड़ा रहा है और आगे भी सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. जितेंद्र कुमार गौर ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी चिकित्सकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फाउंडेशन की असली ताकत उसके सदस्य चिकित्सक हैं, जिनके सहयोग से संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है।
समारोह के दौरान बालाजी और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनका सभी ने पुष्प वर्षा के साथ आनंद लिया। इस अवसर पर फूलों की होली खेलकर लोगों ने प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक पर्व है। इसे रासायनिक रंगों के बजाय प्राकृतिक और केमिकल रहित रंगों के साथ हर्षोल्लास से मनाना चाहिए।
इस अवसर पर फाउंडेशन के राष्ट्रीय पदाधिकारी, रजिस्टर्ड सदस्य, समाजसेवी, पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

