आरक्षण को सभी क्षेत्रों में लागू करने की मांग, भीम आर्मी ने सौंपा ज्ञापन

आरक्षण को सभी क्षेत्रों में लागू करने की मांग, भीम आर्मी ने सौंपा ज्ञापन

जौनपुर,01 जून । यूपी के जौनपुर में भीम आर्मी जय भीम संगठन ने सोमवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए आरक्षण व्यवस्था को लोकतंत्र के सभी स्तंभों में लागू करने की मांग की। ज्ञापन का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष कंचन राव ने किया।
ज्ञापन में माग किया गया है कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है। संगठन ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष कंचन राव ने कहा कि “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के सिद्धांत के आधार पर सरकारी और निजी क्षेत्र में आरक्षण लागू किया जाए। उन्होंने पदोन्नति में आरक्षण बहाल करने तथा विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े बैकलॉग पदों को भरने की भी मांग उठाई।
संगठन ने शिक्षा के क्षेत्र में नीट जेईई और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण देने की मांग की। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संविधान के प्रावधानों एवं यूजीसी के नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ज्ञापन में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी समुदायों के खिलाफ मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने, कथित फर्जी एनकाउंटर और गोकशी के झूठे मामलों की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की गई। इसके अलावा लैटरल एंट्री व्यवस्था समाप्त करने और जातिगत जनगणना कराकर आबादी के आधार पर हिस्सेदारी तय करने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *