(कुशीनगर) डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सैनिक बन्धु की बैठक, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण हेतु अधिकारियों को दिया गया निर्देश
कुशीनगर, 29 अक्टूबर (आरएनएस)। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सैनिक बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अरविन्द कुमार द्वारा जिलाधिकारी का स्वागत किया गया। इसके उपरान्त जिलाधिकारी एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों का अभिनन्दन करते हुए बैठक की कार्यवाही प्रारम्भ की। बैठक में कुल 30 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं। इस दौरान पूर्व सैनिकों से सम्बन्धित छह तथा एक सेवारत सैनिक सहित कुल सात प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का आवंटन, शस्त्र लाइसेंस, धनराशि की धोखाधड़ी तथा सैनिक परिवार के उत्पीड़न से सम्बन्धित प्रकरण शामिल थे। जिलाधिकारी ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में सिविल डिफेंस के गठन की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए पूर्व सैनिकों को सिविल डिफेंस से जुड़कर अपनी सेवाएं देने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पवन कुमार, एनसीसी बटालियन पडरौना के सूबेदार संतोष पोद्दार सहित पूर्व सैनिक मेजर डॉ. एम.के. बरनवाल, कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन शमसुद्दीन अंसारी, कैप्टन दयाशंकर पाण्डेय, हवलदार शारदा प्रसाद तथा अन्य पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कनिष्ठ सहायक प्रभाकर नाथ तिवारी द्वारा किया गया। बैठक में राजेश कुमार गुप्त, श्रीमती धर्मशीला, जालंधर प्रसाद एवं कार्यालय के अन्य कर्मचारियों सहित पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

