कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.78 लाख के पटाखों के साथ एक गिरफ्तार
– आवासीय मकान में छिपाकर रखा गया था 768 किलो पटाखा
मऊ। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुरुवार को मुसरदह मोड़ के पास एक आवासीय मकान में छिपाकर रखे गए 18 बड़े गत्तों में भरे करीब 768 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 10 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मुखबिर से मुसरदह मोड़ के पास एक मकान में पटाखे छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से तेज आवाज वाले बम और पटाखों से भरे 18 बडे़ गत्ते बरामद हुए। मौके से गिरफ्तार युवक की पहचान दीपक कुमार (22) पुत्र सुरेंद्र प्रसाद, निवासी मुसरदह, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्र0नि0 प्रमेन्द्र कुमार सिंह, उ.नि.राजेश कुमार चौकी प्रभारी भीटी, का0 सत्येन्द्र यादव, का0 अमरेश सिंह, का0 ऋषिकेश, का0 अवनीश यादव षामिल रहे।

