ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई कुंडल लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की सुबह इकला गांव निवासी मुन्नी देवी से बाइक सवार तीन युवकों ने कान से कुंडल छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान अंकित जाटव, दीपक नागर और सचिन नागर के रूप में हुई।
सोमवार रात को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दीपक नागर और सचिन नागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए कुंडल, एक आर15 बाइक, दो अवैध तमंचे, तीन खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तीसरे आरोपी अंकित जाटव की तलाश जारी है।
एसीपी वेव सिटी, प्रियाश्री पाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

