गुड़ंबा पुलिस ने चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

गुड़ंबा पुलिस ने चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
लखनऊ, (आरएनएस )। गुड़ंबा थाना पुलिस और पूर्वी क्षेत्र की अपराध टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण, चांदी के सिक्के और चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक पूर्वांचल लेन, किरण इन्क्लेव निवासी उज्ज्वल कुमार श्रीवास्तव ने चार सितंबर को गुड़ंबा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से सामान चोरी कर लिया है। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम 13 सितंबर को गढ़ी चौकी क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपी डीएच-2 कालोनी के आसपास रेकी कर रहे हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद मुशीर निवासी तंबाकू मंडी चिकवा नाला, थाना सआदतगंज, लखनऊ, उम्र करीब 21 वर्ष और मो. शुएब पुत्र मो. साबिर निवासी नूरपुर महमूदाबाद, थाना महमूदाबाद, सीतापुर, उम्र करीब 26 वर्ष, हाल निवासी दुबग्गा सब्जी मंडी के पास किराये का मकान, थाना दुबग्गा, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मंगलसूत्र पेंडल सहित, एक अंगूठी, एक चेन, दो सफेद धातु के सिक्के तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने अपने साथी खलील पुत्र गरीबे निवासी अकबरी गेट, कटरा विजन बेग, थाना सआदतगंज, लखनऊ के साथ किरण इन्क्लेव कालोनी, भाखामऊ में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। आरोपियों के अनुसार चोरी में एक लैपटॉप, हार्ड डिस्क, मंगलसूत्र पेंडल सहित, गले की चेन, अंगूठी, चांदी के दो सिक्के और दो कलाई घड़ियां मिली थीं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में जब कागजात मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर मो. शुएब ने बताया कि उसने अपने साथी खलील के साथ करीब दो सप्ताह पहले दुबग्गा सब्जी मंडी के पास से मोटरसाइकिल चोरी की थी और इसी मोटरसाइकिल से किरण इन्क्लेव कालोनी में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे 13 सितंबर को दोबारा चोरी करने की फिराक में आए थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान गुड़ंबा थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 345/2026 तथा दुबग्गा थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 260/2026 का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपी मो. शुएब का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में गुड़ंबा थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 364-ए के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में गुड़ंबा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संदीप सिंह गौर, उपनिरीक्षक अतीश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी भोलेनाथ राय, मुख्य आरक्षी राजन त्रिपाठी, आरक्षी अनिल कुमार और आरक्षी उमेश चंद्र शामिल रहे। पूर्वी क्षेत्र की अपराध टीम में उपनिरीक्षक अमर नाथ, मुख्य आरक्षी संदीप पांडेय, आरक्षी तरनजीत सिंह, आरक्षी अजय यादव, आरक्षी शिवानंद खरवार और आरक्षी राघवेंद्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *