ग्रेटर नोएडा में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सेवा अभियान की रूपरेखा तैयार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा, 7 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा और समर्पण’ अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय कार्यशाला सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय, तिलपता गोलचक्कर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित की गई। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, जनकल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के संकल्प के साथ मनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्यों के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 17 सितंबर को लाभार्थियों के घर दीप जलाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘कहानी बदलाव की’, विकसित भारत संकल्प यात्रा, वंचित सेवा ज्योति यात्रा, युवाओं के बीच राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ, राष्ट्रीय रंगोली, ‘सेवा मेरा योगदान’, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ब्लड डोनेशन, स्वास्थ्य जांच शिविर, अस्पतालों में मरीजों से मुलाकात एवं फल वितरण तथा मंदिरों और स्कूलों में स्वच्छता अभियान जैसे सेवा कार्य भी किए जाएंगे।
राजेश यादव ने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ भाजपा की कार्यशैली का मूल मंत्र है। प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर अभिषेक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक जनसेवा का लाभ पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यशाला में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, नगरपालिका अध्यक्ष गीता पंडित, कार्यशाला संयोजक वीरेंद्र भाटी, धर्मेंद्र कोरी, धर्मेंद्र भाटी, सत्येंद्र नागर, विकास चौधरी, रजनी तोमर, चंद्रमणि भारद्वाज, कर्मवीर आर्य, अरुण प्रधान, राज नागर, पवन नागर, सरदीप नागर, पवन बंसल, बलराज भाटी, सतपाल तालान, वंदना वानखेड़े, गायत्री तिवारी, योगेश चौहान, सत्यपाल शर्मा, वरुण धीमान, मनोज मावी, अर्पित तिवारी, राजीव सिंघल, भिखारी सिंह, सुनील रावत, गजेंद्र वाल्मीकि, लोकेश त्यागी, सुशील भाटी सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *