नहीं मिला सड़क और योजनाओं के लाभ
जौनपुर। चुनाव के समय सभासद नें विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए, लोगों को बेहतर सुविधाओं की उम्मीद भी जगी, लेकिन केराकत कस्बे के मोहल्ला सिपाह प्रथम के वार्ड नंबर नौ के बाशिंदों का कहना है कि उनकी उम्मीदें अब तक पूरी नहीं हो सकीं। कई वर्षों से बुनियादी सुविधाओं की राह देख रहे लोगों में वार्ड के जिम्मेदार सभासद के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहल्ले में नाली-नाले, इंटरलॉकिंग सड़क और बिजली के खंभों जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं। वहीं, पात्र लोगों को राशन कार्ड, विधवा पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग भी उठ रही है। स्थानीय लोगों ने दबी जुबान में कहा कि वे विकास की उम्मीद लेकर अपने प्रतिनिधि के साथ खड़े हुए थे, लेकिन अब तक उन्हें निराशा ही हाथ लगी है। उनका कहना है कि आने वाले चुनाव में वे केवल आश्वासनों पर भरोसा नहीं करेंगे, बल्कि विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के आधार पर ही अपना निर्णय लेंगे।

