पीड़ित परिवार तक नहीं पहुंच सके कांग्रेस नेता, चौकी पर धरना
करनैलगंज (गोण्डा) 12 सितम्बर। परसपुर के रेक्सडिया गांव में सपा कार्यकर्ता विनोद साहनी की हत्या के बाद शनिवार को राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई। पीड़ित परिवार से मुलाकात के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई के लिए निकले कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता त्रिलोकी नाथ तिवारी को पुलिस ने भंभुआ पुलिस चौकी के पास रोक लिया।
इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस के विरोध में चौकी के सामने धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति दिए जाने की मांग की। करीब एक घंटे तक चले धरने के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
इसी बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जानकारी मिली कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को बाराबंकी में ही रोक दिया गया है। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
त्रिलोकी नाथ तिवारी ने कहा कि पुलिस द्वारा कांग्रेस नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मामले में न्याय की मांग करती रहेगी।
धरने में दृगविजय सिंह, तौववाज खान, प्रमोद मिश्र, राकेश मोहन, इफ्तिखार अंसारी, मोहम्मद सलमान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

