(पुणे)राज ठाकरे पर टिप्पणी करना पड़ा भारी, इन्फ्लुएंसर के चेहरे पर पोती कालिख; सिर पर चप्पल रख कराई उठक-बैठक
पुणे ,21 सितंबर ,(आरएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी करना एक इन्फ्लुएंसर को भारी पड़ गया। पुणे में मनसे कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महेश मोटे को पकड़कर न केवल उनके चेहरे पर कालिख पोती, बल्कि सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक भी कराई। इतना ही नहीं, दफ्तर में लगी राज ठाकरे की तस्वीर के आगे साष्टांग प्रणाम करवाकर उनसे माफी मंगवाई गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
केरल से लौटते ही पार्क से पकड़ा, दफ्तर लाकर की बदसलूकी
हडपसर विधानसभा क्षेत्र के मनसे उप-विभागीय अध्यक्ष शुभम जगदाले के अनुसार, महेश मोटे ने करीब 15 दिन पहले एक रील पोस्ट की थी, जिसमें राज ठाकरे और पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस वीडियो के बाद से ही इन्फ्लुएंसर केरल में था। जैसे ही मनसे कार्यकर्ताओं को खबर मिली कि वह पुणे लौट आया है और कात्रज इलाके के एक पार्क में मौजूद है, कार्यकर्ताओं ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और सीधे पार्टी के जनसंपर्क कार्यालय ले आए।
सिर पर चप्पल, फोटो के आगे दंडवत प्रणाम और रोते हुए मांगी माफी
पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने महेश मोटे के चेहरे पर कालिख पोत दी और सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करवाई। इसके बाद राज ठाकरे की तस्वीर के सामने जमीन पर लिटाकर दंडवत प्रणाम करवाया गया। वायरल वीडियो में खौफजदा और रोते हुए महेश हाथ जोड़कर बिना शर्त माफी मांगते दिख रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं कि अनजाने में उनसे गलती हो गई थी, जिसका उन्हें गहरा पछतावा है और वह मनसे व पार्टी कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर क्षमा मांगते हैं।
‘यह मनसे स्टाइल का महाप्रसाद हैÓ, नेताओं ने दी खुली चेतावनी
घटना के बाद मनसे नेता शुभम जगदाले ने इस कृत्य को सही ठहराते हुए इसे अपनी पार्टी का ट्रेडमार्क स्टाइल बताया। उन्होंने कहा कि जो कोई भी राज ठाकरे का अपमान करेगा, उसे इसी तरह अपनी भाषा में करारा जवाब दिया जाएगा। जगदाले ने इसे ‘मनसे स्टाइल का महाप्रसादÓ बताते हुए खुली चेतावनी दी कि भविष्य में भी पार्टी प्रमुख के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों का यही हश्र किया जाएगा।
00

