पुलिस मुठभेड़, शातिर बदमाश गिरफ्तार हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमों में वांछित, तमंचा व बाइक बरामद साथी फरार
जौनपुर, 06 मई । यूपी के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक शातिर अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि सरायख्वाजा
थाना की टीम मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग पर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोइरिडीहा की ओर से बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों नहर पटरी की ओर भागने लगे। पीछा करने पर कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। बदमाशों ने पुलिया की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के बाद पुलिस ने तलाशी ली तो एक बदमाश घायल अवस्था में मिला, जबकि दूसरा फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान कृष्णा यादव, पुत्र संजय यादव, निवासी छबिलेपुर थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई है। उसके पास से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ, जिसमें एक खोखा कारतूस फंसा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी विकास के साथ मिलकर लूट, छिनैती और सुपारी लेकर अपराध करता है। पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस संबंध में बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

