राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन

भारत की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं राष्ट्रीय अस्मिता के प्रतीक, स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री, महान राष्ट्रनिर्माता तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद में श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाया गया।

 

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन., अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।

 

इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ दिलाई कि सभी लोग राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने का भरसक प्रयास करेंगे। साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता एवं अखंडता के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके जीवन, विचारों एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है, जहां विभिन्न जाति, धर्म, भाषा एवं समुदायों के लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ रहते हैं। यही विविधता हमारी ताकत और हमारी पहचान है। देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आपसी सद्भाव, सहयोग और समन्वय की भावना के साथ आगे आना चाहिए।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ करना चाहिए। किसी भी संस्था अथवा संगठन की सफलता आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि जिस देश में एकता, समरसता और आपसी विश्वास की भावना मजबूत होती है, वही देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।

 

उन्होंने सभी से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट एवं शासकीय अधिवक्ता रविन्द्र नाथ ने भी सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन, कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया।

 

इस अवसर पर अतिरिक्त उपजिलाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

इसी क्रम में जिलाधिकारी मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेन्द्र बहादुर सिंह , अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट विकास भवन स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

———–

 

जौनपुर 31 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03

 

राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन

 

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिद्दीकपुर, जौनपुर सहित जनपद के विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण।

 

लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लोक भवन सभागार, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया गया।

 

मा0 मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को जनपद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहगंज तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उसरांव में डिजिटल एलईडी बोर्ड के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों एवं संस्थान के कार्मिकों द्वारा सामूहिक रूप से देखा एवं सुना गया।

 

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा 1725 करोड़ रुपये की सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया गया। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना, उनकी रोजगारपरक दक्षताओं में वृद्धि करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराना है।

 

इस महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत जनरेशन इंडिया फाउंडेशन, मिंडा, टाटा, अशोक लीलैंड सहित विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं कौशल विकास भागीदारों के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। यह पहल प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार करने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके राष्ट्र निर्माण संबंधी योगदान, राष्ट्रीय एकता के महत्व तथा कौशल विकास एवं रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की अवधारणा से अवगत कराया गया।

 

इस अवसर पर यह संदेश भी दिया गया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, व्यावहारिक दक्षता, अनुशासन, कार्यकुशलता एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर राष्ट्र के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास में सहभागी बनाना भी है।

 

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता, संवैधानिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के आचरण, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण में निरंतर परिलक्षित होने वाला संकल्प है। सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

 

इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर, जौनपुर के प्रधानाचार्य श्री मनीष कुमार पाल, कार्यदेशक श्री अखिलेश कुमार सिंह, श्रीमती ममता यादव, श्री मुन्नालाल, श्री सुनील कुमार सिंह कुशवाहा सहित संस्थान के समस्त अनुदेशक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

————

जौनपुर 31 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04

 

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद में आधार सेवाओं की वर्तमान स्थिति, 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन, 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, लंबित प्रकरणों तथा आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों के संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के कार्यों में तेजी लाई जाए तथा सभी पात्र नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण आधार सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से विशेष अभियान संचालित कर बच्चों के आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने पर बल दिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराए गए। आधार एप के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को ऐप की सुविधाओं एवं उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि नागरिक डिजिटल आधार प्रोफाइल, सुरक्षित फत् कोड आधारित पहचान सत्यापन, आधार विवरण साझा करने की सुविधा तथा ऐप में उपलब्ध अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में संचालित आधार केंद्रों की नियमित निगरानी एवं जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि फर्जी आधार केंद्रों का संचालन करने वाले तथा आधार नामांकन एवं अद्यतन प्रक्रिया में अनियमितता, धोखाधड़ी या आधार डेटा के साथ छेड़छाड़ करने वाले केंद्र संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

ऐसे मामलों में अनियमितताओं की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज कराने सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार सेवाओं में पारदर्शिता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

———-

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *