लोहे के बाट से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ 27 अगस्त(आर एन एस)अहरौला थाना पुलिस ने रास्ते में विवाद के दौरान मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 500 ग्राम का लोहे का बाट बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को सूर्य प्रकाश शुक्ला निवासी ग्राम गोपरी चांदपुर, थाना जैतपुर, जनपद अम्बेडकरनगर, निजामपुर बाजार जा रहे थे। रास्ते में शराब पी रहे कुछ लोगों से वाहन का हार्न बजाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लात-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान लोहे के भारी बाट से सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया गया।मामले में थाना अहरौला में मु0अ0सं0 295/2026 दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। 27 अगस्त को उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल, प्रभारी चौकी माहुल, ने पुलिसकर्मियों के साथ सूचना के आधार पर रुपाईपुर ढाला के पास से अजय यादव उर्फ मन्टू (निवासी मकदूमपुर) और अरुण यादव (निवासी तरकुलहा), दोनों थाना अहरौला क्षेत्र, को सुबह करीब 6:15 बजे गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 500 ग्राम का लोहे का बाट बरामद किया। दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

