विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति

विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति

प्रेस विज्ञप्ति

 

दिनांक: 25 अप्रैल 2026

 

विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति की प्रबंध कार्यकारिणी की प्रथम बैठक दिनांक 25 अप्रैल 2026 को सायं 05:30 बजे समिति के अध्यक्ष श्री सुभाष मणि तिवारी के निवास, गोमती नगर, लखनऊ पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

 

बैठक में समिति के 12 में से 10 सदस्यों की उपस्थिति रही, जिससे कोरम पूर्ण हुआ। महिला प्रभारी श्रीमती चंदा सिंह एवं मीडिया प्रभारी श्री तेज प्रकाश मिश्रा अनुपस्थित रहे। महा-संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों—कर्नल (सेवानिवृत्त) ए.एन. पांडे (महासचिव), श्री सी.जी.के. नायर (सचिव), श्री संजय निगम (सचिव) एवं श्री पी.आर. पांडे (कोषाध्यक्ष)—की गरिमामयी उपस्थिति में बैठक को विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

 

बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं एवं विकास कार्यों पर व्यापक चर्चा करते हुए अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

 

सबसे प्रमुख रूप से, क्षेत्र के पार्कों की खराब स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए नगर निगम से नियमित समन्वय एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही, यदि अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो विषय को महा-संघ के माध्यम से उच्च स्तर पर उठाया जाएगा।

 

ओमकारेश्वर पार्क में ओपन जिम स्थापित करने हेतु महा-समिति को औपचारिक प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के पार्कों में हो रहे अवैध कब्जों को हटाने हेतु उद्यान अधीक्षक को पत्र प्रेषित करने तथा उसकी प्रति महा-संघ को भेजने का भी निर्णय लिया गया।

 

जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झुके हुए एवं विद्युत तारों पर लटकी पेड़ों की टहनियों की तत्काल छंटाई कराने हेतु संबंधित विभागों को सूचित करने का निर्णय लिया गया।

 

नाली-खड़ंजा निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर आयुक्त को पत्र भेजने तथा संबंधित अधिकारियों को प्रतिलिपि प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही वास्तविक स्थिति से अवगत कराने हेतु कार्य का वीडियो महा-संघ को भेजा जाएगा।

 

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सुधार हेतु महा-समिति के माध्यम से निजी अस्पतालों से समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें अस्पताल स्वयं प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे और महा-समिति द्वारा उनका परीक्षण कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

 

समिति के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण हेतु यह निर्णय लिया गया कि 10 अप्रैल 2026 को गठित समिति को विधिवत नियमित कर तीन वर्ष का कार्यकाल प्रदान किया जाएगा तथा इसके लिए इलेक्शन ऑफिसर नियुक्त किया जाएगा।

 

वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने हेतु फिलहाल समिति के नाम से बैंक खाता न खोलने का निर्णय लिया गया, जबकि कोषाध्यक्ष के निर्दिष्ट खाते के माध्यम से सीमित एवं नियंत्रित लेनदेन किया जाएगा। साथ ही कंप्यूटरीकृत लेखा प्रणाली अपनाने एवं शीघ्र ऑडिटर नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया।

 

समिति ने ₹300/- प्रति वर्ष की समान सदस्यता शुल्क निर्धारित की तथा स्वैच्छिक सहयोग का स्वागत किया। लोगो एवं लेटरहेड को अंतिम रूप प्रदान किया गया तथा रसीद पुस्तिका के माध्यम से सदस्यता अभियान प्रारंभ किया गया।

 

ई-लाइब्रेरी के उच्च शुल्क के संबंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। महा-समिति के संविधान की प्रति प्राप्त हो चुकी है तथा अन्य उपखंड समिति के उपविधि शीघ्र प्राप्त होने की आशा व्यक्त की गई।

 

बैठक में सर्वसम्मति से श्री उपेन्द्र बहादुर सिंह को प्रबंध कार्यकारिणी समिति का 12वाँ सदस्य नियुक्त करते हुए उन्हें उपाध्यक्ष के रूप में भी चुना गया।

 

इसके अतिरिक्त, समिति ने निर्णय लिया कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर वर्ष भर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम—जैसे गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, बच्चों के कार्यक्रम, नवरात्रि कन्या पूजन, होली-दीपावली एवं वार्षिक पारिवारिक मिलन—आयोजित किए जाएंगे।

 

समिति ने क्षेत्र के सभी निवासियों से अपील की है कि वे सक्रिय रूप से सदस्य बनकर क्षेत्र के विकास एवं जनहित के कार्यों में योगदान दें।

 

जारीकर्ता:

सचिव

विनीत खंड-2 जन कल्याण समिति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *