संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान समीक्षा बैठक हुई संपन्न
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में देर सायं संचारी दस्तक अभियान संबंधित अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार जौनपुर में आहूत हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संचारी दस्तक अभियान संबंधित समस्त गतिविधियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार संपादित करने के निर्देश दिए। पंचायती राज विभाग को समस्त ग्राम पंचायतों में झाड़ियों की कटाई, जल निकासी, साफ-सफाई के निर्देश दिए एवं समस्त स्कूलों, कॉलेज में नियमित फॉगिंग, एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
समस्त अधिशासी अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों के समस्त वार्डों, मोहल्लों एवं स्कूलों में सघन रूप से साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव कराए जाने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि समस्त शूकर पालकों की साफ-सफाई, कीटनाशी रसायन स्प्रे, शूकर को खुले में न छोड़ने हेतु सेंस्टाइज करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधीक्षक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि वे अपने ब्लॉक में शत-प्रतिशत आशा भ्रमण, लक्षण युक्त मरीजों को चिन्हीकरण, संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करने, समस्त दवाओं, किट्स, प्लेटलेट्स की उपलब्धता आदि सुनिश्चित करें। समस्त गतिविधियों की व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों पर नियंत्रण हेतु समस्त तैयारियां सुनिश्चित करें। समस्त स्कूलों कॉलेज में साफ-सफाई, झाड़ी कटाई, छात्र छात्राओं को संक्रामक रोगों से बचाव हेतु जागरूक करने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने की व्यवस्था किए जाने हेतु निर्देशित किए।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, समस्त अपर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, नोडल अधिकारी वीबीडी, जिला मलेरिया अधिकारी, समस्त अधीक्षक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।
——-
जौनपुर 23 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02
कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न
कांवड़ यात्रा एवं आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी एवं चेहलुम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक देर सायं आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि त्रिलोचन महादेव, गौरीशंकर धाम, चौकिया धाम सहित अन्य प्रमुख मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जाएगी तथा कंट्रोल रूम संचालित रहेंगे। भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश एवं निकास के पृथक मार्ग निर्धारित किए जाएंगे तथा महिला पुलिस बल सहित पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। कांवड़ मार्गों एवं प्रमुख मेलों के लिए कुछ प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू रहेगा।
मानसून के दृष्टिगत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय में एंटी-स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कांवड़ मार्गों पर प्रमुख स्थानों पर हेल्थ बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, ओआरएस एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका एवं जिला पंचायत राज विभाग को निर्देशित किया गया कि मंदिर परिसरों, धर्मशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर कांवड़ रखने हेतु सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं लोक निर्माण विभाग को प्रमुख मंदिरों एवं कांवड़ मार्गों पर मजबूत बैरिकेडिंग एवं कतार प्रबंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कावड़ के दृष्टिगत जलाशयों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों पर विद्युत तारों एवं खंभों की सुरक्षा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों को निर्देशित किया कि कावड़ यात्रा के दृष्टिगत सड़क मार्ग को ठीक करा दिया जाए जिससे श्रद्वालुओं को कोई समस्या न हो।
उन्होंने कहा कि डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन पर सभी डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना होगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारम्भ नहीं की जाएगी।
श्रद्धालुओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्गों एवं मंदिर परिसरों के आसपास स्थित दुकानों एवं ढाबों पर रेट लिस्ट और मेन्यू कार्ड प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की मनमानी वसूली या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में सोशल मीडिया की निगरानी एवं अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, धार्मिक अथवा भड़काऊ सामग्री का प्रसार न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल संबंधित थाना, एलआईयू अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को दें। प्रशासन द्वारा 24 घंटे सतर्क रहकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद सदैव गंगा-जमुनी तहजीब एवं सामाजिक सौहार्द का प्रतीक रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करते हुए श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी एवं चेहलुम के पर्वों को आपसी भाईचारे, शांति एवं उल्लास के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी वि०/रा० परमानन्द झा, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, उप ज़िलाधिकारी सदर योगिता, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, जिला स्तरीय अधिकारीगण एवं जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।
———–
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

