स्मार्ट मीटर,महिला आरक्षण पर सरकार को सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने घेरा
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।मंगलवार को फैज़ाबाद अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार पर कई अहम मुद्दों को लेकर जोरदार हमला बोला।उन्होंने आरोप लगाया कि शादी-विवाह के इस व्यस्त सीजन में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है और ब्लैक मार्केट में सिलेंडर 4000 से 5000 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं। सांसद ने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।स्मार्ट मीटर के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवाल खड़े किए। उनका दावा था कि उत्तर प्रदेश में लगभग 76 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनकी वजह से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि जहां पहले 1000 रुपये बिल आता था,अब वह बढ़कर 1500 से 2000 रुपये तक पहुंच रहा है। सांसद ने सभी स्मार्ट मीटर हटाने और उपभोक्ताओं से वसूली गई अतिरिक्त धनराशि वापस करने की मांग की।महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और इसे “राजनीतिक गेम” करार दिया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही 2023 में पारित हो चुका है और सरकार अब अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति जनगणना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे से जनता का ध्यान हटा रही है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पहले अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने टिप्पणी की कि मौर्य “हारे हुए नेता” हैं और पार्टी की कृपा से उप मुख्यमंत्री बने हुए हैं।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी सांसद ने दावा किया कि 2027 में सपा सरकार बनाएगी और भाजपा सत्ता से बाहर होगी। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री पवन पांडे, निवर्तमान जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, छोटेलाल यादव,जय सिंह यादव, ओपी पासवान,सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

