छात्राओं ने राखी बांधी तो डीएम ईशान सिंह ने निभाया भाई का फर्ज! डीएम ईशान प्रताप सिंह ने दिए उपहार, बोले- ‘आप पढ़ाई करो, बाकी चिंता मेरी’

छात्राओं ने राखी बांधी तो डीएम ईशान सिंह ने निभाया भाई का फर्ज!
डीएम ईशान प्रताप सिंह ने दिए उपहार, बोले- ‘आप पढ़ाई करो, बाकी चिंता मेरी’”

बाराबंकी। जिले में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के स्नेह का अनोखा दृश्य देखने को मिला। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करपिया, मसौली की छात्राओं ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें अपने हाथों से बनाई राखियां बांधीं। बालिकाओं के स्नेह से अभिभूत जिलाधिकारी ने उनकी राखियां सहर्ष स्वीकार कीं और उन्हें उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ सहज माहौल में बातचीत की और उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं, खान-पान तथा आवासीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बालिकाओं से बातचीत करते हुए कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करें। विद्यालय में किसी भी तरह की समस्या या आवश्यकता होने पर वे बिना संकोच अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाएं। जिलाधिकारी ने छात्राओं से कहा, “आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें, बाकी जरूरतों की चिंता मुझ पर छोड़ दें।” डीएम के इस संवाद से छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला। बातचीत के दौरान छात्राओं ने जिलाधिकारी के सामने विद्यालय से जुड़ी कुछ आवश्यकताओं को भी रखा। बालिकाओं ने उच्चीकृत एकेडमिक भवन से हॉस्टल तक आने-जाने वाले मार्ग पर इंटरलॉकिंग कराने तथा खेल मैदान में मिट्टी की पटाई कराने का अनुरोध किया। छात्राओं की मांग पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं खेल मैदान में मिट्टी पटाई के संबंध में उन्होंने बरसात समाप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मुजीबपुर, देवा के निरीक्षण के दौरान भी छात्राओं ने विद्यालय परिसर के रास्ते पर इंटरलॉकिंग की आवश्यकता बताई थी। छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां इंटरलॉकिंग कार्य की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही विद्यालय की अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं द्वारा डीएम को अपने हाथों से तैयार राखियां बांधना कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। छात्राओं ने अपने स्नेह और आत्मीयता से इस मुलाकात को यादगार बना दिया। डीएम ने भी छात्राओं को उपहार देकर उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन विभा मिश्रा, शिक्षिका आरती मिश्रा सहित केजीबीवी मसौली की छात्राएं मौजूद रहीं।
बाक्स
छात्राओं को डीएम ने किया सम्मानित
रक्षाबंधन के मौके पर छात्राओं के साथ संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। डीएम ने छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई दी और उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को अपने सपनों को पूरा करने का मजबूत माध्यम बनाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *