जौनपुर नगर पालिका में नामित सभासदों ने ली शपथ

जौनपुर नगर पालिका में नामित सभासदों ने ली शपथ
मंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले—जनसेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता

जौनपुर। नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित भव्य समारोह में नामित सभासदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। टाउन हॉल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के विकास को नई दिशा देने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर पंकज श्रीवास्तव ‘हैप्पी’, रोहन सिंह, अरविंद गुप्ता, संदीप जायसवाल और राहुल साहू नव-नामित सभासदों ने विधिवत शपथ लेते हुए नगर के विकास, स्वच्छता, जनसुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के ये नव-नामित सभासद जनता और सरकार के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि जौनपुर का विकास तभी संभव है जब सभी जनप्रतिनिधि पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। “आप सभी को जो जिम्मेदारी मिली है, वह केवल पद नहीं बल्कि जनसेवा का एक अवसर है। जनता की अपेक्षाएं आपसे जुड़ी हैं, इसलिए हर निर्णय में आम नागरिक का हित सर्वोपरि होना चाहिए,” उन्होंने कहा।

गिरीश चंद्र यादव ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार नगर निकायों को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्वच्छता अभियान, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती मनोरमा मौर्या ने की। उन्होंने सभी सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि टीमवर्क के माध्यम से ही नगर का समग्र विकास संभव है।
इस मौके पर प्रतिनिधि डॉ राम सूरत मौर्या, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार और तहसीलदार सौरभ कुमार, जिला महामंत्रीपीयूष गुप्ता और मंडल अध्यक्ष कमलेश निषादसहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नव-नियुक्त सभासदों को उनके दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *