मोदहा आरओबी की दो लेन चालू, जून तक पूरी होगी फोरलेन सुविधा
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।मोदहा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की चार लेन परियोजना में से दो लेन पर यातायात शुरू कर दिया गया है, जबकि शेष दो लेन पर निर्माण कार्य जारी है, जिसे जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।करीब 155 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फोरलेन आरओबी की कुल लंबाई लगभग 650 मीटर है। इसके चालू होने से अयोध्या कैंट के पास स्थित मोदहा रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब बिना रुके यातायात संभव होने से समय की बचत होगी और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।अधिकारियों के अनुसार, दो लेन शुरू कर आम जनता को तत्काल राहत दी गई है, जबकि बाकी हिस्से में रेलवे पुल का कार्य तेजी से चल रहा है। पूरी परियोजना के पूर्ण होने पर यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम हो जाएगी।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले घंटों जाम में फंसना पड़ता था, लेकिन अब काफी राहत मिल रही है।

