निगोहां में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
लखनऊ, (आरएनएस )। निगोहां थाना क्षेत्र के बक्तौरीखेड़ा गांव में 27 वर्षीय युवक संदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह युवक की मौत की सूचना मिलने पर निगोहां पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि संदीप पुत्र पूर्णमासी उर्फ पुनवासी शराब पीने का आदी था और उसने 24 सितंबर की रात अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था।सूचना के बाद सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज और निगोहां थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार की जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्यों का संकलन कर रही है। पुलिस के अनुसार परिजनों की ओर से किसी प्रकार के आरोप से संबंधित लिखित तहरीर अभी नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस बल तैनात है।

