पोस्टमार्टम व्यवस्था में अवैध वसूली के खिलाफ सड़क पर उतरा किसान संघर्ष मंच
– हजारों लोगों ने किए हस्ताक्षर
हरगांव/सीतापुर। पोस्टमार्टम प्रक्रिया और शव गृह में कथित अनियमितताओं के खिलाफ किसान संघर्ष मंच राजनीतिक ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन अध्यक्ष राजेश सिंह तोमर के नेतृत्व में हरगांव चौराहे पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों से समर्थन जुटाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग का समर्थन किया। संगठन की प्रमुख मांग है कि शव विच्छेदन की प्रक्रिया का समय सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि मृतकों के परिजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा पोस्टमार्टम के बाद शव को घर ले जाने के लिए आवश्यक काली पॉलीथिन निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। राजेश सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम हाउस पर शवों के साथ आने वाले परिजनों से अवैध रूप से धन वसूले जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने ऐसी कथित अवैध धन उगाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से परिवहन की व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के दौरान हजारों लोगों ने अपनी सहमति दर्ज कराई है। एकत्र किए गए हस्ताक्षरों के साथ जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को पोस्टमार्टम के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना और व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है। अभियान में विनोद कटियार, विजय कुमार, उदन सिंह, अखिलेश यादव, रविंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, राम सिंह, श्याम सिंह, मातादीन, कमरू जमा, रशीद अहमद और संतोष यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।

