मुंडेरा मंडी की आदत से उड़ा दी प्याज की पांच बोरियां
प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र स्थित मुंडेरा नवीन सब्जी मंडी में चोरों ने एक दुकान से प्याज की पांच बोरियां चोरी कर लीं। तीन संदिग्ध ई-रिक्शे से पहुंचे और प्याज की बोरियां लादकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरी हुए प्याज की कीमत करीब 18 से 19 हजार रुपए बताई जा रही है।
दुकानदार ने धूमनगंज थाने में शिकायत देकर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
दुकानदार डीएन त्रिपाठी के अनुसार 8 अक्टूबर की रात करीब 9:10 बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात करीब 1:53 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति ई-रिक्शे से दुकान पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने दुकान से प्याज की पांच बोरियां उठाईं और ई-रिक्शे में लादकर चले गए।
9 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे जब दुकानदार दुकान पर पहुंचे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें तीन संदिग्धों की गतिविधियां कैद मिलीं।
व्यापारी ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है। उनका कहना है कि मंडी में पहले भी दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

