*विश्व रक्तदाता दिवस पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर सम्मानित*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के रक्तकोष विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर को रक्तदान जागरूकता एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया। सम्मान पत्र सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने ग्रहण किया। इस अवसर पर डॉ. जौहरी ने कहा कि जिस प्रकार परिवार अपने भविष्य की सुरक्षा हेतु बैंक में धन संचय करता है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान के महत्व को समझते हुए नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इसके माध्यम से किसी को जीवनदान देना सबसे बड़ी मानव सेवा एवं पुण्य का कार्य है। उन्होंने समाज के धर्मगुरुओं, मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों तथा विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं से रक्तदान जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई धर्म, जाति या भेदभाव नहीं होता, यह केवल मानव जीवन बचाने का माध्यम है।
डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान रेड क्रॉस परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है तथा भविष्य में संस्था और अधिक उत्साह के साथ रक्तदान एवं जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगी। अंत में उन्होंने कार्यक्रम आयोजकों एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. जौहरी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पर डॉ विजय जोहरी ने जानकारी देते हुए बताया कि रेड क्रॉस की पहल पर विश्व का पहला ब्लड बैंक 15 मार्च 1937 को अमेरिका के शिकागो स्थित कुक काउंटी अस्पताल में स्थापित किया गया था। आज रेड क्रॉस सहित अनेक सामाजिक संस्थाएं रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर जनपद में मोहल्ला खलील शर्की स्थित जली कोठी के सामने अपनी संपत्ति पर शीघ्र ही ब्लड बैंक की स्थापना के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस संबंध में संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा चुका है तथा आवश्यक कार्यवाही प्रचलन में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ब्लड बैंक की स्थापना से जिले के मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध हो सकेगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। अंत में रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
पर अवसर पर स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अधिकार एवं कर्मचारी तथा सहयोगी संस्थाओं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

