(रायपुर) भिलाई इस्पात संयंत्र की बिक्री की खबरें भ्रामक, अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील

सांध्यदैनिकों के लिए (रायपुर) भिलाई इस्पात संयंत्र की बिक्री की खबरें भ्रामक, अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील

रायपुर, 19 अक्टूबर (आरएनएस)। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ने संयंत्र को बेचने की योजना से जुड़ी सोशल मीडिया और कुछ प्रिंट मीडिया में प्रसारित खबरों को असत्य एवं भ्रामक बताया है। संयंत्र के अनुसार, इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इन दावों का खंडन किया है। वहीं, प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक इकाई ने भी संबंधित खबरों को झूठा और निराधार बताया है।

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने कर्मचारियों, हितधारकों और छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। किसी भी खबर या जानकारी को प्रसारित करने से पहले आधिकारिक एवं प्रमाणित स्रोतों से उसकी पुष्टि करने का आग्रह किया गया है।

संयंत्र ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी स्थापना के बाद से ही यह राज्य के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और सहायक उद्योगों को बढ़ावा देने में योगदान देता रहा है। इससे हजारों परिवारों की आजीविका भी जुड़ी हुई है।

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की प्रमुख इकाई के रूप में बीएसपी देश के इस्पात क्षेत्र और औद्योगिक क्षमता को मजबूत करने में योगदान दे रहा है। प्रबंधन ने लोगों से सतर्क रहने और भ्रामक जानकारी के प्रसार से बचने की अपील की है, ताकि कर्मचारियों और आम जनता के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *