अमोई के कुएं से पकड़ा गया मगरमच्छ, सिरसी डैम में मिला नया ठिकाना *रस्सियों के सहारे चला रेस्क्यू, बाहर आते ही ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

अमोई के कुएं से पकड़ा गया मगरमच्छ, सिरसी डैम में मिला नया ठिकाना
*रस्सियों के सहारे चला रेस्क्यू, बाहर आते ही ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
मड़िहान/मीरजापुर। सिरसी रेंज के अमोई गांव में पिछले तीन दिनों से ग्रामीणों के बीच दहशत का कारण बने मगरमच्छ को आखिरकार ग्रामीणों के सहयोग से वन विभाग की टीम ने कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के साथ ही गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। तीन दिनों से जिस कुएं के आसपास जाने में लोग घबरा रहे थे, गुरुवार को वहीं ग्रामीणों की भारी भीड़ रेस्क्यू अभियान को देखने के लिए जमा रही। मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के बाद वन विभाग की टीम उसे सिरसी डैम में छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अमोई गांव स्थित कुएं में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। कुएं के भीतर विशालकाय जीव को देखकर पहले तो लोगों को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। खबर गांव में फैली तो देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। मगरमच्छ को लेकर कौतूहल के साथ ही किसी अनहोनी की आशंका भी लोगों को परेशान कर रही थी। मगरमच्छ के कुएं में होने के कारण आसपास रहने वाले परिवार खासे भयभीत थे। ग्रामीण बच्चों को कुएं की तरफ जाने से रोक रहे थे। हर किसी की निगाह इस बात पर लगी थी कि आखिर मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर कब निकाला जाएगा।लगातार प्रयासों के बाद तीसरे दिन वन विभाग की टीम को सफलता मिली। मगरमच्छ को कुएं से बाहर निकालने के लिए बेहद सावधानी बरती गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया। रस्सियों के सहारे मगरमच्छ को नियंत्रित कर सुरक्षित बाहर निकालने की कवायद चली। इस दौरान जरा सी चूक भारी पड़ सकती थी, इसलिए लोग सांस थामे पूरे अभियान को देखते रहे।जैसे ही मगरमच्छ कुएं से बाहर निकाला गया, आसपास खड़े लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। तीन दिनों से बना भय का माहौल एकाएक उत्सुकता में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *