*आईपीसी-2026 के ब्रोशर का भव्य अनावरण*
*लखनऊ* । 75वें इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस (आईपीसी-2026) के प्लेटिनम जुबली संस्करण के ब्रोशर का भव्य अनावरण गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को गोएल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सेंट्रल हॉल में किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ के विभिन्न फार्मेसी संस्थानों से आए निदेशकों, शिक्षाविदों एवं फार्मेसी जगत से जुड़े गणमान्यजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस 2026 के संयुक्त सचिव प्रो. अरुण गर्ग एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. देवेंद्र पाठक की विशिष्ट उपस्थिति रही। गोएल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री महेश गोएल के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में गोएल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड साइंसेज के निदेशक प्रो. ओपी वर्मा तथा गोएल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के प्रो. करुणा शंकर शुक्ला ने विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर इंडियन फार्मेसी ग्रेजुएट्स एसोसिएशन की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा के अध्यक्ष प्रो. प्रणय वाल तथा इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस 2026 के सह-सचिव प्रो. आकाश वेद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान आईपीसी-2026 के ब्रोशर का अनावरण किया गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर आईपीसी-2026 के आयोजन की तैयारियों, विभिन्न गतिविधियों तथा इसे सफल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित संस्थानों एवं फार्मेसी समुदाय के सामूहिक सहयोग और सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया गया।
आईपीसी-2026 की थीम “Transforming India from Pharmacy of the World to Pharma Powerhouse @2047” है। कार्यक्रम में भारत को वैश्विक फार्मास्युटिकल क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने तथा वर्ष 2047 तक देश को फार्मा पावरहाउस के रूप में स्थापित करने की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 75वां इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस 18, 19 एवं 20 दिसंबर 2026 को यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, सेक्टर-25, द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित होगा। प्लेटिनम जुबली वर्ष में होने वाले इस आयोजन में देशभर के फार्मेसी शिक्षाविद, शोधकर्ता, विद्यार्थी, फार्मेसी पेशेवर एवं फार्मास्युटिकल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।

