उमस से बेहाल शहरवासियों को बादलों ने दी राहत की आस, सुबह से छाए बादल, बारिश का इंतजार
मेरठ। मेरठ में पिछले दो-तीन दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा रखी है। दिनभर चिपचिपी गर्मी के कारण घरों से लेकर बाहर तक लोगों का हाल बेहाल रहा। शुक्रवार को सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया। आसमान में बादल छाए रहने और धूप का असर कम होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली और बारिश की उम्मीद जगी।
सुबह से छाए रहे बादल, कम हुई धूप की तपिश
शुक्रवार सुबह आसमान में बादलों की चादर छाई रही। कई बार धूप बादलों के पीछे छिपती रही, जिससे तेज धूप का असर कम महसूस हुआ। बादलों की लगातार आवाजाही देखकर लोगों को जल्द बारिश होने की उम्मीद बनी रही। हालांकि सुबह के समय बारिश नहीं हुई।
उमस ने नहीं छोड़ा पीछा
बादलों के छाए रहने के बावजूद हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस का असर बना रहा। बिना बारिश के वातावरण में चिपचिपाहट महसूस होती रही। पिछले दिनों तेज धूप के साथ बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी पहले ही बढ़ा दी थी। ऐसे में बादलों के कारण लोगों को मौसम के और बदलने की उम्मीद है।
बारिश का इंतजार
शुक्रवार सुबह बदले मौसम ने शहरवासियों को बारिश की आस जरूर दी, लेकिन बादल बरसने का इंतजार बना रहा। लोगों को उम्मीद है कि दिन में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश हो सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
गरीब व्यक्ति शादी अनुदान योजनान्तर्गत करें आनलाईन आवेदन
मेरठ। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश रॉय ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) के गरीब व्यक्तियों की शादी अनुदान योजनान्तर्गत पात्र आवेदकों को रू0 20,000.00 (अंकन रु0 बीस हजार मात्र) का अनुदान दिये जाने की व्यवस्था है। शादी अनुदान हेतु आवेदक द्वारा ऑनलाईन आवेदन शादी की तिथि के 90 दिन पूर्व तथा 90 दिन पश्चात् तक (उस ही वित्तीय वर्ष में) www.shadianudan.upsdc.gov.in लिंक पर जाकर किया जा सकता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद मेरठ के अन्य पिछड़े वर्ग के व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी हेतु वर्तमान में कुल 198 लाभार्थियों का बजट प्राप्त है।
शादी अनुदान आवेदन हेतु अर्हता निम्न प्रकार हैः-आवेदक अन्य पिछड़े वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) का होना चाहिए, पुत्री की आयु शादी की तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक होनी अनिवार्य है, शादी अनुदान योजनान्तर्गत आवेदक की आय शहरी क्षेत्र तथा ग्रामीण क्षेत्र में रु0 1,00,000/- (अंकन रु0 एक लाख मात्र) प्रति वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए, आवेदक का बैंक खाता राष्ट्रीयकृत बैंक में होना चाहिए, एक आवेदक अधिकतम 02 पुत्रियों की शादी अनुदान हेतु आवेदन कर सकता है, पहचान पत्र की छायाप्रति, बैंक पासबुक की छायाप्रति, विवाह के प्रमाणपत्र की छायाप्रति, वर व कन्या की आयु से सम्बन्धित प्रमाणपत्र, आधार कार्ड तथा आवेदक व कन्या का फोटो होने पर शादी अनुदान हेतु आनलाईन आवेदन किया जा सकता है, आवेदक तथा आवेदक की पुत्री के आधार कार्ड से मोबाइल नंबर का लिंक होना अनिवार्य है। विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिये कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विकास भवन, कचहरी परिसर, मेरठ में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क किया जा सकता है ।
Mrt 1/2
सीसीएसयू के अटल सभागार में किया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन
-जनप्रतिनिधियों ने कहा-इतिहास से सीखकर मजबूत करें राष्ट्र की एकता और अखंडता
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित अटल सभागार में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 1947 की त्रासदी को याद किया गया। इस दौरान प्रदर्शनी, फिल्म और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा और अपनों से बिछड़ने की पीड़ा को सामने रखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा0 सोमेन्द्र तोमर ने अन्य अतिथियों के साथ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आमजन और स्कूली छात्र-छात्राओं ने विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विभाजन पर आधारित फिल्म ने उस दौर की मानवीय त्रासदी को जीवंत कर दिया। स्कूली बच्चों की देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभागार राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा0 सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि विभाजन इतिहास का ऐसा दर्दनाक अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। वर्तमान सरकार ने विभाजन की सच्चाई को सामने लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वहीं मुख्यमंत्री ने विस्थापित परिवारों को मकान और जमीन उपलब्ध कराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विभाजन से मिली सीख को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को सदैव सर्वाेपरि रखना चाहिए।
विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल ने कहा कि विभाजन के समय अपना घर-बार छोड़कर भारत आए परिवारों ने कठिन परिस्थितियों में नया जीवन शुरू किया। उन्होंने कहा, विस्थापित होकर आने वाले लोग मेरठ और एनसीआर में रहकर आज देश की आर्थिक और सांस्कृतिक तरक्की में अपना योगदान दे रहे हैं। इन परिवारों का संघर्ष, मेहनत और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
विधायक सिवालखास गुलाम मोहम्मद ने कहा कि विभाजन में सभी समुदायों के लोगों ने दर्द झेला। विभाजन की विभीषिका हमें देश की एकता और अखंडता का महत्व समझाती है। विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि विभाजन केवल सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन में आई मानवीय त्रासदी थी।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के बीच एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। अटल सभागार देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। विभाजन के दौरान विस्थापित हुए परिवारों के परिजनों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा0 राम प्रसाद, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, छात्र-छात्राएं आमजन आदि उपस्थित रहे।
महानगर क्षेत्र में रिक्त 07 उचित दर दुकानों के सापेक्ष की जानी है नियुक्ति-डीएसओ
मेरठ। जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने सर्वसाधारण को सूचित करते हुये बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत नगरीय क्षेत्रों में रिक्त उचित दर दुकानों के सापेक्ष नियुक्ति हेतु शासनादेश दिनांक 05.08.2019 में व्यवस्था दी गयी है। महानगर क्षेत्र में रिक्त 07 उचित दर दुकानों की नियुक्ति की जानी है, जिनका विवरण निम्नवत् हैः- क्षेत्र द्वितीय में मोहल्ला शाहनत्थन, मोहल्ला नक्कार चियान, मोहल्ला महावीर जी नगर, मोहल्ला शकूर नगर, मोहल्ला शिव शंकरपुरी, मोहल्ला शास्त्रीनगर, मोहल्ला नेहरू नगर आदि। विस्तृत जानकारी कार्यालय जिला पूर्ति अधिकारी, मेरठ के नोटिस बोर्ड पर चस्पा है।
Mrt 3
कांवड़ पटरी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, 60 वर्षीय की मौत, चालक गंभीर
मेरठ। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर अटेरना के पास शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार कैली निवासी फुरकान (60) पुत्र इस्लाम, आशु की बाइक पर बैठकर सरधना की ओर आ रहे थे। अटेरना के पास पहुंचने पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। फुरकान की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक दौराला के कैली गांव का रहने वाला 25 वर्षीय शहजाद पुत्र यामीन राज मिस्त्री का काम करता है। शुक्रवार को शहजाद अपनी पत्नी को लेने के लिए बाइक से खिवाई जा रहा था। बताया जाता है कि इसी दौरान नहर के रास्ते पर शहजाद का रिश्ते का फूफा 50 वर्षीय फुरकान खड़ा मिला। फुरकान को सरधना तहसील में तारीख पर जाना था। जिसके चलते शहजाद ने फुरकान को भी बाइक पर लिफ्ट दे दी। बाइक सवार शहजाद और फुरकान जब चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर अटेरना गांव के पास पहुंचे, तभी अचानक किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घायल युवक को जिला अस्पताल किया गया रेफर
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आशु को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे निगरानी उपकरणों और अन्य माध्यमों से अज्ञात वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नंगली किठौर ने रचा इतिहास: UP का तंबाकू मुक्त पहला गांव बना
मेरठ। माछरा ब्लाक स्थित नंगली किठौर ग्राम पंचायत ने अपनी एकजुटता और दृढ़ संकल्प से न केवल खुद को उत्तर प्रदेश का पहला तंबाकू मुक्त गांव बनाया, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए स्वास्थ्य की एक नई मिसाल पेश की। इस ऐतिहासिक कामयाबी से प्रेरित होकर अब स्थानीय प्रशासन ने जिले के 18 और गांवों को पूरी तरह से तंबाकू मुक्त करने का लक्ष्य रखा है।
यह पहल सिर्फ तंबाकू की बिक्री या सेवन पर रोक लगाने का प्रशासनिक आदेश नहीं है, बल्कि ग्रामीण अंचल से कैंसर, हृदय रोग जैसी जानलेवा बीमारियों को जड़ से मिटाने और आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ, सुरक्षित व दीर्घायु जीवन देने का एक महाअभियान है।
नंगली किठौर के ग्रामीणों ने यह साबित कर दिया है कि अगर समाज ठान ले तो किसी भी सामाजिक बुराई को हराया जा सकता है। अब समय आ गया है कि इन 18 गांवों के नागरिक भी इस स्वास्थ्य क्रांति के सिपाही बनें, ताकि हमारा हर घर नशामुक्त और खुशहाल हो सके।
बच्चों और युवाओं पर विशेष जोर
जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नंगली किठौर को तंबाकू मुक्त बनाने के बाद प्रशासन अब दूसरे गांवों में भी इसी माडल को आगे बढ़ा रहा है। हर गांव में नंगली किठौर का उदाहरण दिया जा रहा है। अभियान में बच्चों और युवाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
Mrt 4
मेरठ में पुलिस ने निकाली तिरंगा यात्रा: बाइक पर तिरंगा लेकर आगे चले सीओ संग्राम सिंह, गूंजे देशभक्ति के नारे
मेरठ। मेरठ में स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार को पुलिसकर्मी भी देशभक्ति के रंग में नजर आए। पुलिस लाइन से निकली तिरंगा यात्रा को एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बाइक और वाहनों पर सवार पुलिसकर्मियों के हाथों में तिरंगा नजर आया। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह भी बाइक पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुए और पुलिसकर्मियों के साथ इसका नेतृत्व किया। यात्रा पुलिस लाइन से शुरू होकर अंबेडकर चौराहा, ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क, राजकीय इंटर कॉलेज और सोतीगंज होते हुए बेगमपुल पहुंची। इस दौरान देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा और लोगों में भी उत्साह नजर आया।
गाड़ी छोड़ बाइक पर सवार हुए सीओ
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह भी तिरंगा यात्रा में बाइक लेकर शामिल हुए। उन्होंने हाथ में तिरंगा थामकर पुलिसकर्मियों के साथ यात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ पुलिसकर्मियों का काफिला आगे बढ़ता रहा। तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन से शुरू होकर अंबेडकर चौराहा पहुंची। इसके बाद ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क, राजकीय इंटर कॉलेज और सोतीगंज होते हुए पुलिसकर्मी बेगमपुल पहुंचे। पूरे मार्ग पर तिरंगा यात्रा को लेकर लोगों में भी उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर लोगों ने पुलिसकर्मियों को देखकर उनका उत्साह बढ़ाया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस की ओर से निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ आमजन को भी राष्ट्रीय पर्व से जोड़ना रहा। पुलिसकर्मियों ने तिरंगा लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।
जोश से लबरेज दिखाई दिए पुलिसकर्मी
पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। वर्दी में तिरंगा थामे जवान और आगे बाइक पर तिरंगा लेकर चलते सीओ कोतवाली संग्राम सिंह यात्रा का खास आकर्षण रहे। बेगमपुल पहुंचने के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों ने
भी हिस्सा लिया और देश के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

