कस्तूरबा विद्यालय में एसडीएम का औचक निरीक्षण, 90 छात्राएं मिलीं मौजूद

कस्तूरबा विद्यालय में एसडीएम का औचक निरीक्षण, 90 छात्राएं मिलीं मौजूद
बल्दीराय/सुलतानपुर। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय धनपतगंज में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बल्दीराय के एसडीएम प्रभात सिंह ने विद्यालय में अचानक पहुंचकर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम के अचानक निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में भी सक्रियता दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, स्टेशनरी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से भी बातचीत कर विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं और किसी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी प्राप्त की। एसडीएम ने विद्यालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल, कंप्यूटर कक्ष तथा शौचालय निर्माण की स्थिति देखी और संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 90 छात्राएं उपस्थित मिलीं। छात्राओं की उपस्थिति और व्यवस्थाओं की स्थिति देखने के बाद एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। एसडीएम ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान बीईओ धनपतगंज/बल्दीराय श्याम बिहारी, विद्यालय की वार्डन प्रतिमा सिंह और संदीप पांडे समेत विद्यालय से जुड़े अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। एसडीएम के औचक निरीक्षण को लेकर विद्यालय में दिनभर चर्चाओं का दौर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *