(कुशीनगर) पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक को दी श्रद्धांजलि
कुशीनगर, 08 सितम्बर (आरएनएस)। जनपद के सेवरही थाने में तैनात उ0नि0 भवानी प्रसाद पाण्डेय की असामयिक मृत्यु पर पुलिस परिवार द्वारा गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई तथा उन्हें अंतिम विदाई दी गई। जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन शहीद स्मारक पर मृतक उपनिरीक्षक के शव को पुलिस अधीक्षक केशव कुमार एवं अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा शोक सलामी दी गई। इसके बाद सभी ने कंधा देकर मृतक को अंतिम विदाई प्रदान की। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मृतक उ0नि0 के परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढाढ़स बंधाया तथा आश्वासन दिया कि इस दुख की घड़ी में पूरा पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। इस दौरान मौजूद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आँखें नम थीं। दिवंगत उ0नि0 भवानी प्रसाद पाण्डेय को ईश्वर सद्गगति प्रदान करें तथा उनके परिजनों व प्रियजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें, प्रार्थना की गई।

