(ग्रेटर नोएडा)बालकनी में बेटे से फूल तुड़वा रहे थे पिता, 23वीं मंजिल से गिरकर दोनों की मौत; सोसाइटी में मचा हंगामा

(ग्रेटर नोएडा)बालकनी में बेटे से फूल तुड़वा रहे थे पिता, 23वीं मंजिल से गिरकर दोनों की मौत; सोसाइटी में मचा हंगामा

ग्रेटर नोएडा ,30 अक्टूबर ,(आरएनएस)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन माईवुड्स सोसायटी में एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों सोसायटी के टावर-23 की 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ते समय बच्चे का पैर फिसल गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिर पड़े। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी गिरे

घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को पीआरवी के माध्यम से महागुन माईवुड्स सोसायटी के टावर-23 से दो लोगों के गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव घायल अवस्था में मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी

मृतक रणदीप की पत्नी ने पुलिस को बताया कि परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर के लिए निकलना था। इसी वजह से रणदीप और उनका बेटा पूजा के लिए बालकनी से फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बच्चे का पैर फिसलने के बाद वह बालकनी से नीचे गिरने लगा और उसे बचाने के प्रयास में पिता भी संतुलन खो बैठे।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

हादसे के बाद पूरी सोसायटी में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्य और आसपास के लोग इस घटना से सदमे में हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिवार मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। इस हादसे ने सोसायटी के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *