ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र सड़क हादसे में युवक का पैर काटना पड़ा, डेढ़ महीने बाद अज्ञात बाइक चालक पर हुआ मुकदमा दर्ज

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज के दौरान एक पैर काटना पड़ा। घटना के करीब डेढ़ महीने बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा 7 जून की रात दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गंग नहर (खेरली नहर) के पास हुआ था। बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के आजमपुर हुसैनपुर गांव निवासी अनिल ड्यूटी से अपने घर लौट रहे थे। सरकपुर गांव के समीप सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से अनिल को पहले ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। लंबे समय तक चले इलाज के दौरान संक्रमण और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों को सोमवार रात उनका एक पैर काटना पड़ा।
पीड़ित के बड़े भाई संजय ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि हादसा बाइक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। परिवार इलाज में व्यस्त होने के चलते घटना के लगभग डेढ़ महीने बाद दनकौर कोतवाली में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *